झारखण्ड में सेवा और विकास को नई गति देंगे देवेश तिवारी: पलामू में हुआ भव्य स्वागत | The Palamu Guru
पलामू में विकास और सेवा का नया संकल्प लेकर पहुंचे देवेश तिवारी |
पलामू, मेदिनीनगर । भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधीन राज्य स्तरीय दिशा समिति के सदस्य एवं इंडियन रोटी बैंक, दिल्ली प्रदेश के संरक्षक श्री देवेश तिवारी का आज पलामू में भव्य स्वागत किया गया। वे इंडियन रोटी बैंक, झारखंड प्रदेश के आवासीय कार्यालय पहुंचे, जहां सेवादारों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
सेवादारों ने श्री तिवारी को पुष्पगुच्छ, माला और शॉल भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर रोटी बैंक से जुड़े कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया।
सेवा ही धर्म है, इंडियन रोटी बैंक एक प्रेरणा: देवेश तिवारी
इस मौके पर श्री देवेश तिवारी ने कहा कि “इंडियन रोटी बैंक” के माध्यम से देशभर में जरूरतमंदों को भोजन और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जो आज के समाज में अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा, “सेवा का कोई मोल नहीं होता, लेकिन जब सेवा संगठित रूप से होती है, तो उसका प्रभाव व्यापक होता है। इंडियन रोटी बैंक देश के हर कोने में ज़रूरतमंदों तक राहत पहुँचा रहा है और मैं इस परिवार का हिस्सा बनकर गौरवान्वित हूं।”
श्री तिवारी ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे देशभर में विकास की गति को और तेज़ करेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा।
ठाकुरबाड़ी मंदिर में की प्रार्थना, मांगी पलामू व देश की खुशहाली की कामना
कार्यक्रम के बाद श्री देवेश तिवारी रेडमा स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माथा टेककर पलामू, झारखंड और समस्त राष्ट्र के विकास और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने भी उनका अभिनंदन किया।
झारखंड संयोजक दीपक तिवारी ने कहा – हमें मिला नई ऊर्जा और दिशा
इस मौके पर इंडियन रोटी बैंक, झारखंड प्रदेश के को-ऑर्डिनेटर श्री दीपक तिवारी ने कहा कि श्री देवेश तिवारी के आगमन से न केवल पलामू, बल्कि पूरे राज्य के लिए यह अवसर सौभाग्यशाली रहा। उन्होंने कहा, “सेवा भाव से काम कर रहे सेवादारों को आज मार्गदर्शन और उत्साह मिला है। यह प्रेरणा हमें आगे और बेहतर कार्य करने की दिशा में आगे बढ़ाएगी।”
श्री दीपक तिवारी ने यह भी कहा कि इंडियन रोटी बैंक का उद्देश्य सिर्फ भूख मिटाना नहीं, बल्कि ज़रूरतमंदों तक सम्मानपूर्वक सहायता पहुँचाना है। इस दिशा में झारखंड टीम पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।
बड़े पैमाने पर सेवादार रहे उपस्थित
इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रमुख लोग उपस्थित रहे। इनमें ठाकुरबाड़ी यज्ञ समिति के अध्यक्ष दिलीप तिवारी मिंटू, सामाजिक कार्यकर्ता नवीन तिवारी, मंदिर विकास समिति के सचिव शशिकांत तिवारी, संयोजक सरदार देवेंद्र सिंह, सरदार दीपक सिंह, विकास तिवारी, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में इंडियन रोटी बैंक के सेवादार शामिल थे।
सेवा कार्यों को मिलेगी नई दिशा
श्री तिवारी ने सेवादारों से झारखंड में चल रही सेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली और सभी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पलामू में रोटी बैंक द्वारा किया जा रहा कार्य अनुकरणीय है और इसे अन्य जिलों में भी विस्तार देने की आवश्यकता है।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी और सुनियोजित बनाने के लिए वे हर स्तर पर सहयोग करेंगे।
Comments
Post a Comment