शिक्षा में पलामू की नई मिसाल, एम.के. डी.ए.वी. डाल्टनगंज के 10 छात्र JEE Mains में चयनित | Palamu News

शिक्षा में पलामू की नई मिसाल, एम.के. डी.ए.वी. डाल्टनगंज के 10 छात्र JEE Mains में चयनित |

Reported By : The Palamu Guru 
मेदिनीनगर । शिक्षा के क्षेत्र में पलामू एक बार फिर गौरवान्वित हुआ है। देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेंस 2025 (सेशन-2) का परिणाम जैसे ही 19 अप्रैल को घोषित हुआ, एम.के. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल डालटेनगंज के परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। इस परीक्षा में विद्यालय के 10 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले और अभिभावकों का मान बढ़ाया है।

देशभर के लाखों परीक्षार्थियों के बीच किसी एक विद्यालय से 10 विद्यार्थियों का सफल होना किसी गौरवगाथा से कम नहीं। सफल विद्यार्थियों में स्वरित रंजन (98.79 परसेंटाइल), शारिब इमाम (98.30), अंकित कुमार तिवारी (98.12), आस्था कुमारी (94.61), रोहन पांडे (92.78), सोनाली कुमारी (90), आदित्य पांडे (89.74), आदर्श श्रीवास्तव (89.19), राजनंद पटेल (85) तथा आयुषी राज (61.71) परसेंटाइल के साथ शामिल हैं। इन छात्रों ने पूरे जिले का नाम रोशन कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बस उसके लिए उचित मार्गदर्शन, परिश्रम और दृढ़ निश्चय की आवश्यकता होती है।

21 अप्रैल 2025 को विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें इन सभी सफल विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति में डी.ए.वी. झारखंड क्षेत्र के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी सह विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एन. खान द्वारा स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. खान ने कहा कि यह विद्यालय नगर का सबसे पुराना एवं प्रतिष्ठित विद्यालय है, जिसने पलामू को शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है। यहां के छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में निरंतर सफलता प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एम.के. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल डालटेनगंज ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि यहां के शिक्षक और शिक्षा पद्धति देश के किसी भी बड़े कोचिंग संस्थान से कम नहीं हैं।

उन्होंने कहा, "आज के इस प्रतिस्पर्धी युग में जब अधिकांश विद्यार्थी बड़े शहरों की ओर रुख करते हैं, हमारा विद्यालय यह मिथक तोड़ रहा है कि ग्रामीण या छोटे शहरों में रहकर बड़ी प्रतियोगी परीक्षाएं नहीं पास की जा सकतीं। हमारे विद्यालय में आधुनिक तकनीकी, योग्य शिक्षक, अद्यतन पाठ्यक्रम एवं अनुशासित वातावरण के साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराई जाती है।"

डॉ. खान ने बताया कि विद्यालय शीघ्र ही ऑनलाइन कोर्स भी शुरू करने जा रहा है, ताकि दूर-दराज के विद्यार्थी भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि सेशन-1 में जहां 8 छात्रों ने सफलता प्राप्त की थी, वही सेशन-2 में यह संख्या बढ़कर 18 हो गई है। आने वाले वर्षों में यह आंकड़ा और बेहतर करने का लक्ष्य है।

सम्मान समारोह के दौरान सफल छात्र रोहन पांडे ने मंच से अपनी बात साझा करते हुए कहा, "मैं भी कभी इस विद्यालय में खड़ा होकर सफलता की कहानियां सुना करता था और आज जब मैं खुद उस मुकाम पर हूं, तो इसका श्रेय मैं अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय को देता हूं। जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं न तो अधिक कठिन हैं, न ही अत्यधिक सरल। बस नियमित अभ्यास, सही मार्गदर्शन और शिक्षकों पर विश्वास जरूरी है।"

उन्होंने आगे कहा, "कई बार हम दोस्ती या अन्य वजहों से शिक्षकों की बातों को हल्के में ले लेते हैं, मगर परीक्षा के समय वही बातें हमें राह दिखाती हैं। हर शिक्षक का अपना महत्त्व होता है। हमें उनका मार्गदर्शन लेना चाहिए और कठिन समय में उनसे सलाह करनी चाहिए।"

इस अवसर पर रोहन पांडे की माता श्रीमती शोभा पांडे ने भी विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और प्राचार्य डॉ. जी.एन. खान की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट वातावरण उपलब्ध है। यहां के शिक्षक सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहते, बल्कि बच्चों के मनोबल और आत्मविश्वास को भी ऊंचा रखते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री आलोक कुमार, श्री सी.एस. पांडे, श्री नीरज श्रीवास्तव, श्री ए.के. पांडे, श्री जितेंद्र तिवारी, श्री राकेश चौबे, श्री तुषार घोष और श्री कन्हैया राय सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती मौसमी घोष ने बहुत ही सुंदर और सधे हुए अंदाज में किया।

अंत में विद्यालय प्राचार्य ने सभी सफल छात्रों को उनकी आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विद्यालय के विद्यार्थी इसी तरह नए-नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे। साथ ही सभी अभिभावकों को अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए बधाई दी।


The Palamu Guru के साथ जुड़ें, और पलामू समेत देशभर की ताजा खबरें सबसे पहले पाएं । 

Comments

Popular posts from this blog

Palamu : डी.ए.वी. मेदिनीनगर (डाल्टनगंज) में महात्मा हंसराज की शिक्षकीय तपस्या को किया गया नमन | Palamu News

धरोहर पर संकट ! निजी ट्रस्ट बनाकर मंदिर पर कब्जे की साजिश ?