झारखंड में खुलेगा खेल विश्वविद्यालय, मुख्य सचिव ने दी प्रक्रिया शुरू करने की हरी झंडी | The Palamu Guru

झारखंड में खुलेगा खेल विश्वविद्यालय, मुख्य सचिव ने दी प्रक्रिया शुरू करने की हरी झंडी |

Reported By : The Palamu Guru


रांची | झारखंड में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य में अब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक में मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।

इस विश्वविद्यालय का संचालन झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी और सीसीएल के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि एक कमिटी गठित कर अन्य राज्यों के खेल विश्वविद्यालयों का अध्ययन किया जाए और झारखंड की आवश्यकताओं के अनुरूप योजना तैयार की जाए।

खास बात यह रही कि खेल गांव में प्रशिक्षण ले रहे बच्चों के लिए वहीं सरकारी प्लस-2 स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया। 4 से 5 साल की उम्र के बच्चों को स्पोर्ट्स एकेडमी से जोड़ने की भी पहल होगी ताकि बचपन से ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जा सके।

गौरतलब है कि रांची स्थित खेल गांव में 200 एकड़ क्षेत्रफल में फैली स्पोर्ट्स एकेडमी में फिलहाल 220 बच्चे प्रशिक्षण ले रहे हैं, जबकि इसकी क्षमता 1400 बच्चों की है। 11 खेलों की मौजूदा ट्रेनिंग के साथ अब चार और खेलों को जोड़ा जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खेल गांव की बिजली खपत को देखते हुए सीसीएल की ओर से वहां 5 मेगावाट का सोलर सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे बिजली बिल की बचत से खेल गतिविधियों को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

मुख्य सचिव ने खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के जीर्णोद्धार और प्रशिक्षकों की संख्या बढ़ाने पर भी बल दिया। बैठक में गृह विभाग, खेल विभाग, शिक्षा विभाग और सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

सावधान ! 15 जुलाई से 15 सितंबर तक ‘सांपों का समय’, रखें ये खास सावधानियां 🐍 | The Palamu Guru

मेदिनीनगर वार्ड 17 का समदा अहरा रोड हुआ दलदल में तब्दील, लोगो की बढ़ी परेशानी | The Palamu Guru

शिक्षा में पलामू की नई मिसाल, एम.के. डी.ए.वी. डाल्टनगंज के 10 छात्र JEE Mains में चयनित | Palamu News